राँची :- राँची में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। Anti Corruption Bureau (एसीबी) की टीम ने सिल्ली अंचल कार्यालय में पदस्थापित अमीन गणेश महतो को आठ हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि अमीन गणेश महतो जमीन संबंधित कार्य कराने के एवज में शिकायतकर्ता से आठ हजार रुपये की मांग कर रहे थे। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एसीबी को दी। शिकायत की सत्यापन के बाद एसीबी ने जाल बिछाया और तय योजना के तहत आरोपी को रिश्वत की राशि लेते ही धर दबोचा।
कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम ने मौके से रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इस कार्रवाई से अंचल कार्यालय में हड़कंप मच गया है। एसीबी ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

0 Comments