धनबाद न्यूज़:-केंद्र सरकार की ओर से धनबाद के रेलवे ऑडिटोरियम में रोजगार मेले का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने 88 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे.

नियुक्ति पत्र पाकर युवाओं के चेहरे खिल उठे. देशभर में एक साथ 47 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी विभागों में नियुक्ति पत्र बांटे गए.धनबाद में आयोजित कार्यक्रम में सांसद ढुल्लू महतो, विधायक राज सिन्हा, डीआरएम अखिलेश मिश्र समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना देश के हर युवा को रोजगार उपलब्ध कराना है. केंद्र सरकार उसी दिशा में तेजी से कार्य कर रही है. रोजगार मेले का यह 19वां संस्करण है और अब तक 12 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं. उन्होंने कहा कि युवाओं को डाक विभाग, रेलवे, टेलीकॉम, स्वास्थ्य समेत विभिन्न केंद्रीय विभागों में नियुक्ति दी गई है.