-->

रांची रेलवे स्टेशन से लापता 4 साल का विवान साहिबगंज में मिला, धनबाद से तीनपहाड़ तक ऐसे पहुंची पुलिस

 


सहिबगंज रांची रेलवे स्टेशन के बाहर से 24 सितंबर को लापता हुए छत्तीसगढ़ निवासी चार वर्षीय बच्चे को रविवार (27 सितंबर) की सुबह साहिबगंज जिले के तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपाड़ा से सकुशल बरामद कर लिया गया

रांची पुलिस ने धनबाद, जामताड़ा और साहिबगंज पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए बच्चे को बरामद किया. बताया गया है कि मामले में धनबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीनपहाड़ से करीब चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है.

शिकायत के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस

साहिबगंज मुख्यालय डीएसपी रविकांत साव से मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे की मां दिलमेत राजवाड़े आंध्र प्रदेश के सलेम में काम करने के बाद अपने बच्चों के साथ छत्तीसगढ़ लौट रही थीं. वह चार वर्षीय विवान कुमार और छह वर्षीय बेटी प्रिंसी कुमारी के साथ 24 सितंबर को रांची पहुंची थीं. वहीं, रेलवे स्टेशन के बाहर मां ऑटो चालकों से अंबिकापुर जाने वाले बस स्टैंड की जानकारी ले रहीं थीं, कि इसी दौरान विवान अचानक वहां से लापता हो गया

बाबूपाड़ा से सकुशल बरामद हुआ विवान

काफी खोजबीन के बाद भी बच्चे का पता नहीं चलने पर मां ने चुटिया थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद रांची पुलिस ने स्टेशन और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने धनबाद से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया. पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर जांच तीनपहाड़ तक पहुंची.

बच्चे को रांची से साहिबगंज कौन और कैसे लाया?

चुटिया थाना इंस्पेक्टर पूनम कुजूर के नेतृत्व में रांची पुलिस की टीम तीनपहाड़ पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से बाबूपाड़ा में कार्रवाई कर बच्चे को बरामद कर लिया. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चा रांची से तीनपहाड़ कैसे पहुंचा और पूरे मामले में अन्य किन लोगों की भूमिका है

Post a Comment

0 Comments