धनबाद: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में अब खून से जुड़ी गंभीर बीमारियों के इलाज की सुविधा मिलने की उम्मीद है. अस्पताल में हेमेटोलॉजिस्ट के रूप में डॉ प्रियंका आसवा ने योगदान दिया है
वह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की ओपीडी में मरीजों को अपनी सेवाएं देंगी. अस्पताल प्रबंधन जल्द ही उनकी ओपीडी का समय जारी करेगा.
हेमेटोलॉजिस्ट खून और रक्त बनाने वाले अंगों से संबंधित बीमारियों के विशेषज्ञ होते हैं. डॉ प्रियंका आसवा के योगदान से धनबाद और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को लाभ मिल सकता है. खासकर उन मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें रक्त संबंधी जटिल बीमारियों के इलाज के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है
इन बीमारियों के मरीजों को मिलेगा परामर्श
हेमेटोलॉजी ओपीडी में ब्लड कैंसर, थैलेसीमिया, हीमोफीलिया और गंभीर एनीमिया से पीड़ित मरीज विशेषज्ञ परामर्श ले सकेंगे. इसके अलावा प्लेटलेट्स से जुड़ी समस्याओं और रक्त जांच में हीमोग्लोबिन, सफेद रक्त कोशिकाओं या प्लेटलेट्स के असामान्य स्तर वाले मरीजों को भी आगे के इलाज के संबंध में सलाह मिल सकेगी
ओपीडी का समय जल्द होगा जारी
अस्पताल प्रबंधन की ओर से डॉ प्रियंका आसवा की ओपीडी का समय जल्द जारी किया जाएगा. इसके बाद मरीज निर्धारित समय पर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में पहुंचकर परामर्श ले सकेंगे

0 Comments