गोमो। दुर्गापूजा पर्व को देखते हुए रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अवैध शराब के परिवहन एवं तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल की ओर से विशेष निगरानी और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 7 अक्टूबर 2026 को RPF पोस्ट गोमो के प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार के निर्देश पर पारसनाथ रेलवे स्टेशन पर कैंपिंग ड्यूटी में तैनात आरक्षी रवि पासवान और मुकेश कुमार प्लेटफॉर्म संख्या 3/4 पर गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान करीब 10 बजे एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में थैला लेकर घूमते हुए देखा गया। पूछताछ करने पर वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका और RPF कर्मियों को देखकर भागने का प्रयास करने लगा। दोनों जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम रंजीत दास, उम्र 36 वर्ष, पिता काशीदास, निवासी पासिया, थाना मधुपुर, जिला देवघर बताया। गवाहों की मौजूदगी में उसके थैले की तलाशी ली गई, जिसमें रॉयल स्टैग प्रीमियम व्हिस्की की 6 बोतलें, प्रत्येक 750 मिलीलीटर, बरामद हुईं। शराब की कुल मात्रा 4.5 लीटर बताई गई, जिसकी अनुमानित कीमत 4,800 रुपये है।
शराब के संबंध में वैध अनुज्ञप्ति या आवश्यक दस्तावेज मांगे जाने पर व्यक्ति कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद नियमानुसार उसे गिरफ्तार कर शराब समेत RPF पोस्ट गोमो लाया गया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद शराब और गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, गिरिडीह के सुपुर्द कर दिया गया।
RPF की यह कार्रवाई दुर्गापूजा के दौरान रेलवे परिसर और ट्रेनों में अवैध शराब के परिवहन पर रोक लगाने तथा यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।

0 Comments