
10 सितंबर 2025 को धनबाद अंचल के स्टार स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) धनबाद में हिंदी माह के अवसर पर वित्तीय साक्षरता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण एवं अर्द्धशहरी क्षेत्रों से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे वे प्रशिक्षु उपस्थित रहे, जो पहले से ही स्वयं सहायता समूह के सदस्य हैं और अपने गांवों में अन्य लोगों को भी समय-समय पर जागरूक करते रहते हैं।
कार्यक्रम के दौरान आंचलिक कार्यालय के वित्तीय समावेशन विभाग से पधारे मुकेश कुमार ने सभी प्रशिक्षुओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना सहित साइबर धोखाधड़ी से बचाव* के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उनका संबोधन प्रतिभागियों के लिए अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ।
साथ ही, आंचलिक कार्यालय के राजभाषा अधिकारी सुब्रतो बनर्जी ने हिंदी माह के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी केवल हमारी भाषा ही नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक धरोहर और राष्ट्रीय एकता की आधारशिला है। उन्होंने दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर बल दिया और सभी से आह्वान किया कि हिंदी को सम्मान दें, इसे अपनाएँ और इसके प्रचार-प्रसार में योगदान दें।
हिंदी माह के उपलक्ष्य में इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाने हेतु आरसेटी धनबाद के निदेशक अभिनाश चंद्रा तथा फैकल्टी सदस्य बीरेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से आयोजन और अधिक सफल एवं प्रभावी रहा।
यह आयोजन न केवल वित्तीय जागरूकता के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ, बल्कि हिंदी भाषा के महत्व को भी रेखांकित करता है।

0 Comments