दिल्ली न्यूज़:-दिल्ली में लाल किले के पास एक कार में बम धमाका होने से अफरातफरी मच गई है। यह धमाका लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास खड़ी एक कार में हुआ। ब्लास्ट इतना भीषण था कि काफी दूर तक इसकी धमक दिखी और आग भड़क गई। कई कारें इस आग की चपेट में आई हैं और अब तक 10 लोगों के मरने और 20 से ज्यादा लोगों के घायल होने की खबर है। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की 7 टीमों को रवाना किया गया और दिल्ली पुलिस की एक स्पेशल टीम भी मौके पर पहुंची है। फिलहाल पूरी दिल्ली में हाई अलर्ट जारी है। यह धमाका कैसे हुआ और इसके क्या कारण हैं। इस संबंध में जानकारी का इंतजार है। फिलहाल पुलिस शुरुआत जांच में जुटी है।
पुलिस कमिश्नर बोले- धीमी गति से जा रहे वाहन में हुआ धमाका
दिल्ली पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा ने कहा, '6.52 बजे धीमी गति से रेड सिग्नल की तरफ जा रहे एक वाहन में धमाका हुआ। इस धमाके से आसपास की गाड़ियों को भी काफी नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही हम सारी एजेंसीज दिल्ली पुलिस, NIA, NSG, FSL, फोरेंसिक उनकी टीम आ चुकी हैं। हर तरीके से हालात का जायजा लिया जा रहा है। हर तरीके से जांच की जा रही है और जल्द ही इसका आकलन करके इसका जो भी निष्कर्ष निकलेगा आपको बताया जाएगा।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की गृहमंत्री अमित शाह से बात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में हुए विस्फोट के बाद स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बात की और स्थिति पर पूरा अपडेट लिया।

0 Comments