-->

बोकारो एयरपोर्ट विस्तार के रास्ते में बनी झुग्गियां हुई ध्वस्त

बोकारो न्यूज़:- बोकारो एयरपोर्ट विस्तार के लिए प्रशासन और सेल ने संयुक्त अभियान चलाया, 50 से अधिक अवैध झोपड़ियां तोड़ी गईं हैं. अधिकारियों का कहना है कि यह कदम शहर के विकास और उड़ान सेवा शुरू करने की दिशा में बड़ा कदम है.

एयरपोर्ट के विस्तार और उड़ान सेवा शुरू करने की तैयारी के तहत जिला प्रशासन और सेल (SAIL) ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई की है. प्रशासन ने सेक्टर 12 इलाके में बने झुग्गी-झोपड़ी और अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर चलाया गया है. इस अभियान में करीब पांच दर्जन से अधिक झोपड़ीनुमा घरों को तोड़ा गया.

बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद

अभियान के दौरान बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद था. एक सौ से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो. मौके पर एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन और अश्रुगैस की टीम भी मौजूद थी. कार्रवाई से पहले प्रशासन ने माइकिंग कर लोगों को खुद से जगह खाली करने की चेतावनी दी थी, लेकिन जब वे नहीं हटे, तो आखिरकार बुलडोजर चलाया गया.

विस्तार के काम में बन रहे थे बाधा

जानकारी के अनुसार, जिस क्षेत्र में यह झुग्गियां बनी थीं, वहां अवैध बूचड़खाने भी चल रहे थे, जो एयरपोर्ट विस्तार के काम में बाधा बन रहे थे. अधिकारियों का कहना है कि ये अतिक्रमण लंबे समय से हो रहे थे, जिससे एयरपोर्ट का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा था.

शहर और एयरपोर्ट दोनों का विकास

सेल के नगर सेवा महाप्रबंधक अलोक चावला ने बताया कि यह कार्रवाई शहर और एयरपोर्ट दोनों के विकास के लिए की गई है. उन्होंने कहा, "यह अतिक्रमण एयरपोर्ट विस्तार में रुकावट पैदा कर रहा था. अब इसे हटा दिया गया है, जिससे जल्द ही उड़ान शुरू होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं. आगे भी अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह के अभियान चलाए जाएंगे."

इस कार्रवाई के बाद बोकारो एयरपोर्ट के चालू होने की उम्मीदें फिर से तेज हो गई हैं. शहरवासी लंबे समय से बोकारो से उड़ान सेवा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. प्रशासन का दावा है कि अब एयरपोर्ट विस्तार में किसी भी तरह की बाधा नहीं रहेगी और जल्द ही बोकारो से हवाई सेवा शुरू हो जाएगी.

Post a Comment

0 Comments