-->

धनबाद में पुलिस कंट्रोल रूम का हुआ उद्घाटन, तीसरी आंख से निगरानी और अपराधियों की तैयार होगी डिजिटल कुंडली


धनबाद : पुलिस विभाग के कंट्रोल रूम को आधुनिक तकनीक से अपग्रेड किया गया है. गणतंत्र दिवस के अवसर पर उपायुक्त आदित्य रंजन ने 33 कंप्यूटर सेट से लैस नए कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया. अब जिले की पुलिस गतिविधि और संचार व्यवस्था का संचालन इसी कंट्रोल रूम से किया जाएगा.

धनबाद की सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से 350 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं. इन कैमरों की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी, जिससे अपराध और आपात स्थितियों पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सकेगी. अपग्रेड किए गए कंट्रोल रूम में टेली कॉल सेंटर के रूप में भी कार्य होगा. सीसीटीवी कैमरों से मिलने वाली सूचनाओं के आधार पर संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचना भेजी जाएगी. इसके साथ ही पुलिस की सिटी हॉक बाइक टीम और पेट्रोलिंग दल भी कंट्रोल रूम से सीधे जुड़े रहेंगे.

कंट्रोल रूम के अपग्रेडेशन से पुलिस की कार्यप्रणाली और प्रभावी होगी तथा आम लोगों को बेहतर सुरक्षा मिलेगी: आदित्य रंजन, उपायुक्त

वहीं एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि 21वीं सदी में पुलिसिंग कैसी होनी चाहिए? जिसे तैयार करने की कोशिश की जा रही है. टू वे कम्युनिकेशन सिस्टम पर कार्य चल रहा है और जल्द ही यह सुविधा उपलब्ध होगी. 350 सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसका फीड कंट्रोल रूम तक पहुंचेगा. टेली कॉलर्स यहां बैठे रहेंगे. कंट्रोल रूम से ही सीधा संवाद कर सहायता की जाएगी. फिलहाल 112 नंबर पर कॉल कर लोग जानकारी देते हैं लेकिन अन्य तरह की सुविधाएं बहाल करने की कोशिश की जा रही है ताकि पुलिस फौरन आपात स्थिति में लोगों की मदद कर सके.

अपराधियों की पूरी डिजिटल कुंडली यहां मौजूद रहेगी. कोई भी अपराधी अगर गिरफ्तार होता है. मेडिकल के बाद अपराधी को यहां लाकर उसकी फेस और हथेली की स्क्रीनिंग की जाएगी. फोटो के साथ रेटीना और हथेली की स्क्रीनिंग का डेटा मौजूद रहेगा. बगल में ही कोर्ट है, अगर अदालत को भी अपराधियों के आपराधिक इतिहास एवं अन्य जानकारी आसानी से उपलब्ध कराई जा सकेगी. आधुनिक कंट्रोल रूम से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और लोगों में सुरक्षा पर भरोसा बढ़ेगा: प्रभात कुमार, एसएसपी

Post a Comment

0 Comments