
गोमो। 26 जनवरी 2026 को कतरास श्यामडीह मोड़ स्थित यूथ फोर्स प्रधान कार्यालय में 77 वां गणतंत्र दिवस के अवसर पर यूथ फोर्स के प्रधान संयोजक दीप नारायण सिंह ने झंडोत्तोलन कर क्षेत्र वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू हुआ ।संविधान हमें अपने महान राष्ट्र की लंबी संवैधानिक यात्रा और लोकतंत्र की शक्ति का स्मरण कराता है। लोकतांत्रिक आदर्शों और विविधता में एकता के संवैधानिक मार्गदर्शक मूल्यों को आधार बनाकर हम सशक्त, समृद्ध और विकसित देश बना रहे हैं। संविधान देश के लोगों को एहसास कराता है कि प्रत्येक नागरिक स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सशक्त अनुभव करें। श्री सिंह ने आगे कहा कि क्षेत्र के युवाओं से आह्वान करता हूं कि वे संविधान के आदर्शों को आत्मसात करते हुए सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। संविधान के प्रति निष्ठा, राष्ट्र के प्रति समर्पण और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का संकल्प लें। संविधान प्रदत्त अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी निर्वहन करें। व्यक्तिगत और सामूहिक गतिविधियों के सभी क्षेत्रों में उत्कर्ष की ओर बढ़ने का प्रयास करें, जिससे राष्ट्र निरंतर उपलब्धि की नई ऊंचाइयों को छू सके । इस अवसर पर जितेन्द्र कुमार सिंह, बिंदु देवी, अशोक कुमार दास, इम्तियाज खान, कृष्णा केशरी, शब्बीर अंसारी,नविन कुमार नविन, राजेश शर्मा,प्रदिप सिंह, पंकज कुमार,उमेश ठाकुर,परि कुमारी, जमशेद अंसारी, मुन्ना लाला आदि उपस्थित थे।
0 Comments