धनबाद : धनबाद नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान को लेकर लोगों में उत्साह है. दूसरी ओर समर्थकों के बीच टकराव की स्थिति कई बूथों पर देखने को मिली है. यहां पार्षद प्रत्याशी के समर्थक मतदान केंद्र पर आपस में ही भिड़ गये.
वार्ड संख्या 27 के बूथ नंबर 106, 110, 111 और 112 पर हंगामा देखने को मिला. यहां पार्षद प्रत्याशी पुष्पा देवी और पार्षद प्रत्याशी पिंकी देवी के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई की स्थिति बन गई. आरोप-प्रत्यारोप के बीच माहौल कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए सभी समर्थकों को मतदान केंद्र के बाहर कर दिया. फिलहाल मतदान जारी है लेकिन घटनाक्रम को लेकर दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं.
धनबाद में मतदान के दौरान कई बूथों पर हुई मारपीट
पुष्पा देवी के पति संजय कुमार सिंह का आरोप है कि पिंकी देवी की जेठानी उर्मिला देवी उसी बूथ पर बीएलओ के रूप में पदस्थापित हैं और मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही हैं. उनका कहना है कि उनके मित्र रमेश कुमार सिंह का कॉलर पकड़कर प्रमोद कुमार यादव ने बाहर कर दिया. संजय सिंह का आरोप है कि वे लोग सड़क के बाहर खड़े थे, इसके बावजूद उन पर हमला किया गया.
वहीं दूसरी ओर, पिंकी देवी के अभिकर्ता और रिश्तेदार प्रमोद कुमार यादव ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि संजय कुमार सिंह बाहर से लोगों को लाकर मतदान कराने की कोशिश कर रहे थे, जिसे रोका गया. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा. हाथापाई के बाद पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को बूथ परिसर से बाहर किया और शांति व्यवस्था बहाल की. प्रशासन की ओर से फिलहाल मतदान प्रक्रिया जारी रहने की बात कही जा रही है.
सूसनीलेवा नाग नगर में तनाव की स्थिति
नगर निगम चुनाव के दौरान सूसनीलेवा नाग नगर में उस वक्त माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब बूथ संख्या 58, 59, 13 और 14 पर दो पार्षद प्रत्याशियों के समर्थक आमने-सामने आ गए. कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गया. हालांकि प्रशासन की तत्परता से हालात पर काबू पा लिया गया और मतदान प्रक्रिया दोबारा सामान्य हो गई.
नगर निगम चुनाव के बीच सूसनीलेवा नाग नगर का मतदान केंद्र अचानक विवाद का केंद्र बन गया. आरोप है कि वार्ड पार्षद प्रत्याशी शिल्पी कुमारी के प्रतिनिधि की मौजूदगी और कथित हस्तक्षेप को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी थी. मतदान केंद्र के पास भीड़ जुटने से माहौल गरमा गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बहस इतनी बढ़ी कि समर्थकों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर स्थिति संभालने की कोशिश की. इसी दौरान प्रतिनिधि को दौड़ाकर पीटने और बाहर निकालने की भी बात सामने आई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि “हम लोग शांतिपूर्वक मतदान करना चाहते हैं, अगर कोई माहौल खराब करेगा तो हम उसका विरोध करेंगे”. इस घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। एहतियातन इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. वहीं पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है, मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है, किसी को भी कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी”.
हालांकि इन दोनों घटना के कारण कुछ समय के लिए इन बूथों में मतदान प्रभावित हुआ लेकिन प्रशासन की सक्रियता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई. जिसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से मतदान की प्रक्रिया दोबारा शुरु कराई गयी. फिलहाल इलाके में शांति बहाल है और सुरक्षा बल पूरी तरह मुस्तैद है.

0 Comments