-->

पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए विधायक शत्रुघ्न महतो को सौंपा ज्ञापन, विधानसभा में गूँजेगी आवाज


कतरास: गुरुवार को 'ऑल इंडिया स्मॉल एंड मीडियम जर्नलिस्ट वेलफेयर एसोसिएशन' एसोसिएशन के धनबाद जिला अध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो से मुलाकात की और मुख्यमंत्री के नाम एक मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा।

ज्ञापन स्वीकार करते हुए विधायक शत्रुघ्न महतो ने पत्रकारों की मांगों को जायज ठहराया और आश्वस्त किया कि वे आगामी विधानसभा सत्र में पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण के विषय को सदन के पटल पर मजबूती से रखेंगे।

संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से राज्य सरकार से पत्रकारों के हितों के लिए ठोस नीति बनाने का आग्रह किया है। प्रमुख मांगों में शामिल हैं:

झारखंड में पत्रकार सुरक्षा कानून को अविलंब लागू करना।

प्रत्येक जिले में सुसज्जित प्रेस क्लब की स्थापना।

पत्रकारों के लिए व्यापक बीमा और पेंशन योजना की शुरुआत।

पत्रकारों के लिए आवास की समुचित व्यवस्था।

एक्रिडेशन (मान्यता) प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाना ताकि जमीनी स्तर के पत्रकारों को इसका लाभ मिले।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष राहुल कुमार ने कहा कि पत्रकार समाज का आईना होते हैं और विपरीत परिस्थितियों में भी जनहित के मुद्दों को सरकार तक पहुँचाते हैं। इसके बावजूद आज पत्रकार असुरक्षा और आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार इन मांगों पर सकारात्मक पहल करेगी ताकि पत्रकारों को एक सुरक्षित और सम्मानजनक कार्य वातावरण मिल सके।

इस मौके पर संगठन के सदस्य आनंद बाउरी, अब्दुल हमीद अंसारी, भगीरथ, जगदीश प्रसाद, विश्व नारायण पासी, मुख्तार अंसारी, शेख नाजिम सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं पत्रकार उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments