तोपचांची प्रखंड अंतर्गत भिखनीडीह स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में शिक्षक की भारी कमी से बच्चों का भविष्य अंधेरे में नजर आ रहा है। विद्यालय में कुल 56 छात्र-छात्राएं नामांकित हैं, जिनमें 25 बालक और 31 बालिकाएं शामिल हैं, लेकिन इन सभी के लिए मात्र एक ही शिक्षक उपलब्ध है। विद्यालय में कक्षा एक से आठ तक की पढ़ाई संचालित होती है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुधाकर सिंह चौधरी ने बताया कि पहले यहां तीन शिक्षक कार्यरत थे, लेकिन वर्तमान में सभी का स्थानांतरण अन्य विद्यालयों में हो जाने के कारण स्कूल में केवल एक शिक्षक ही रह गए हैं। इससे पढ़ाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। गेंदनवाडीह पंचायत की उपमुखिया छाया देवी ने कहा कि बच्चों का भविष्य तभी संवर सकता है, जब उनके अनुपात में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हों। उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक से जल्द से जल्द शिक्षक की कमी को दूर करने की मांग की है। विद्यालय के बच्चों ने भी बताया कि शिक्षक की कमी के कारण उनकी पढ़ाई सही तरीके से नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि पर्याप्त शिक्षक होने पर ही उनकी पढ़ाई सुचारू रूप से चल सकेगी। इस संबंध में धनबाद के जिला शिक्षा अधीक्षक (DSE) आयुष कुमार ने कहा कि उन्हें इस मामले की कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही विद्यालय में शिक्षक की कमी को दूर करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

0 Comments