-->

बाबुडीह जंगल में अवैध कोयला खनन का साम्राज्य, प्रशासन मौन


पोकलेन मशीन से दिनदहाड़े हो रही लूट

कतरास :-खरखरी कोलियरी क्षेत्र अंतर्गत बाबुडीह जंगल इन दिनों अवैध कोयला खनन का बड़ा अड्डा बन चुका है। यहां खुलेआम पोकलेन मशीनों के जरिए बड़े पैमाने पर कोयले की खुदाई की जा रही है। हालात ऐसे हैं कि अवैध धंधेबाज बिना किसी डर के दिनदहाड़े ट्रकों में कोयला लोड कर बाहर भेज रहे हैं।

चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले टांडाबारी क्षेत्र में भू-धंसान जैसी गंभीर घटना हो चुकी है।इसके बावजूद उसी नेटवर्क से जुड़े धंधेबाज अब धर्माबांध ओपी क्षेत्र के बाबुडीह जंगल में सक्रिय हो गए हैं। यहां से कोयला ट्रकों के माध्यम से मधुबन थाना क्षेत्र के खरखरी नारायण धौड़ा फोरलेन मार्ग से बेखौफ पार कराया जा रहा है।

सुरक्षा एजेंसियों की मौजूदगी के बावजूद धंधा जारी

खरखरी हिलटॉप परियोजना क्षेत्र में कंपनी प्रबंधन, सीआईएसएफ और स्थानीय पुलिस की लगातार आवाजाही रहती है। इसके बावजूद हिलटॉप कंपनी की बाउंड्री के समीप पोकलेन मशीनों से हो रही खुदाई और कोयले की लूट किसी को नजर नहीं आना कई सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा आम है कि आखिर इतनी बड़ी गतिविधि कैसे अनदेखी की जा रही है।

वीडियो सौंपे गए, फिर भी कार्रवाई नदारद

स्थानीय लोगों ने अवैध खनन और पोकलेन मशीनों के संचालन का वीडियो गोविंदपुर क्षेत्रीय प्रबंधन को सौंपा। सूचना मिलने के बाद सीआईएसएफ की टीम बाबुडीह जंगल भी पहुंची।लेकिन कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति ही दिखी। अवैध कारोबार पर रोक लगाने में एजेंसियां पूरी तरह असफल नजर आ रही हैं।

संरक्षण’ के आरोप, छापेमारी से पहले सक्रिय नेटवर्क

अवैध खनन में लगे गिरोह संभावित छापेमारी की जानकारी पहले ही हासिल कर लेते हैं और अपने संरक्षणदाताओं के जरिए कार्रवाई को प्रभावित करने में जुट जाते हैं। यही कारण है कि बड़े स्तर पर चल रहे इस अवैध कारोबार पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

सीमा क्षेत्र बना हॉटस्पॉट

मधुबन और धर्माबांध ओपी की सीमा साथ ही खरखरी हिलटॉप कंपनी की बाउंड्री वॉल के आसपास अवैध खनन का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है। विडंबना यह है कि जहां एक ओर हिलटॉप कंपनी एक वर्ष से अधिक समय से वैध खनन शुरू करने का इंतजार कर रही है। वहीं दूसरी ओर अवैध धंधेबाज जंगल में बेखौफ कोयला निकाल रहे हैं।

राजनीतिक चेतावनी, आंदोलन की तैयारी

आजसू के प्रखंड अध्यक्ष राकेश ग्याली ने इस पूरे मामले पर कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा है कि अवैध कोयला कारोबार को लेकर गोविंदपुर क्षेत्रीय महाप्रबंधक और सांसद सीपी चौधरी को अवगत कराया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आजसू आंदोलन करेगी।

प्रबंधन पर सवाल, प्रशासन से जांच की मांग

स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्रीय प्रबंधन, सीआईएसएफ और खरखरी प्रबंधन की निष्क्रियता के कारण अवैध कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं। जंगल में कई पोकलेन मशीनें उतारी जा चुकी हैं और बड़े पैमाने पर कोयले की निकासी जारी है।

लोगो ने जिला प्रशासन से उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो न केवल सरकार को भारी राजस्व नुकसान होगा। बल्कि क्षेत्र में पर्यावरणीय संकट भी गहरा सकता है।

Post a Comment

0 Comments