नहाने के दौरान पिछले साल यही पर निरसा के युवक की डूबने से हुई थी मौत
मैथन डैम स्थित स्पोर्ट्स हॉस्टल के समीप अर्ध निर्मित इंटेक वेल से मौत की छलांग लगा रहे हैं मैथन एवं आसपास के नौनिहाल। मौसम में हल्की गर्माहट की आहट आते ही बड़ी संख्या में आसपास के नौजवान नहाने के लिए डैम स्थित इंटेक वेल के समीप तरह-तरह के उपकरण लेकर पहुंच रहे हैं। कोई ट्यूब में हवा भरकर पहुंच रहा है तो कोई गमछे से इनटेक वेल पर रस्सी बनाकर स्टंट कर रहा है। ऐसे में कोई हादसा हो गया तो लेने के देने पड़ जाएंगे। मालूम रहे कि पिछले साल इसी इंटेक वेल के समीप निरसा के एक होनहार युवक की डूबने से मौत हो गई थी। जिसके बाद प्रशासन भी जगा और इंटेक वेल के समीप कुछ कटीले तार लगाए गए। किंतु पुनः इस साल गर्मी की आहट मिलते ही युवकों का इंटेक वेल से छलांग लगाने का खेल शुरु हो गया है।

0 Comments