JDS NEWS: भाकपा माले छाताटांड़ अंचल कमिटी और बीसीकेयू के नेतृत्व में निरसा विधायक कॉमरेड अरूप चटर्जी ने केंदुआडीह के गैस रिसाव और भू-धसान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं को सुना और स्थिति का जायजा लिया।
प्रबंधन और प्रशासन पर साधा निशाना:
प्रभावित क्षेत्र के निरीक्षण के बाद विधायक अरूप चटर्जी ने बीसीसीएल प्रबंधन और जिला प्रशासन के रवैये पर कड़ा रोष जताया। उन्होंने कहा कि प्रशासन और प्रबंधन इस गंभीर विषय पर संवेदनहीन है। यदि वे गंभीर होते, तो इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होती। उन्होंने घोषणा की कि इस समस्या के समाधान, सुरक्षित पुनर्वास और रोजगार की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही धनबाद उपायुक्त (डीसी) और खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के निदेशक से मिलेगा।
23 अप्रैल को होगी वार्ता:
विधायक ने बताया कि आगामी 23/04/26 को डीसी और डीजीएमएस निदेशक के साथ बैठक कर राष्ट्रीय राजमार्ग 32 (NH-32) को सुरक्षित करने और बचाने पर विशेष वार्ता की जाएगी। उन्होंने इस मुद्दे को आगामी विधानसभा सत्र में भी उठाने का भरोसा दिलाया।
पीड़ितों को मिली फौरी राहत:
भू-धसान के कारण अपना घर छोड़कर बाहर शरण लेने को मजबूर चार पीड़ित परिवारों (सोनी देवी, सुनीता देवी, मंजू देवी और विमला देवी) को विधायक ने तत्काल सहायता के रूप में 5-5 हजार रुपये (कुल 20,000 रुपये) की आर्थिक मदद प्रदान की। उन्होंने भविष्य में भी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
मौके पर रहे मौजूद:
दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल में माले नेता नरेश पासवान, अंचल संयोजक गणेश दास, आजसू जिलाध्यक्ष मंटू महतो, बीसीकेयू नेता मानस चटर्जी, अनिल गुप्ता, ममता देवी, सुरेश पासवान, संतोष महतो, रविंदर गुप्ता, रामगोपाल भुवानिया, मो. मनोवर, रियाज अंसारी, केंदुआ पुल चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी, मो. जाहिद, राहुल गुप्ता, औरंगजेब खान सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।

0 Comments