धनबाद : राजगंज थाना क्षेत्र के दलूडीह पंचायत अंतर्गत सरायदाहा के पास मंगलवार अहले सुबह हुई सड़क दुर्घटना में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।मृत चालक 31 वर्षीय संतोष केवट बिशुनपुर पंचायत के बोनासिंघा का रहने वाला था। वह रात करीब दो बजे बालू खाली कर वापस अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गया, जिससे चालक उसके नीचे दब गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद भी ट्रैक्टर का इंजन चालू रहा। इंजन की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी।मृतक के दो छोटे बच्चे हैं और उसने करीब तीन महीने पहले ही नया ट्रैक्टर फाइनेंस करवाया था।
मृतक के भाई चंदन केवट ने आशंका जताई है कि रात में झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ होगा।सूचना मिलते ही राजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर थाना ले आई। परिजनों को सूचना देने के बाद सुबह आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया गया।इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

0 Comments