JDS NEWS: सरस्वती विद्या मंदिर सिनिडीह की कक्षा दशम की छात्रा साक्षी लाला ने अपनी प्रतिभा के दम पर इसरो (ISRO) के 'युवा वैज्ञानिक कार्यक्रम' (YUVIKA) में चयनित होकर पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। विज्ञान के वरिष्ठ आचार्य अरविंद कुमार ने बताया कि साक्षी 12 मई से 24 मई तक हैदराबाद स्थित NRSC इसरो केंद्र में आयोजित विशेष प्रशिक्षण शिविर में भाग लेंगी। इस पूरी यात्रा और प्रशिक्षण का खर्च इसरो द्वारा वहन किया जाएगा।
विदित हो कि इसरो प्रतिवर्ष पूरे भारत से मात्र 350 मेधावी छात्रों का चयन करता है। चयन प्रक्रिया में शैक्षणिक रिकॉर्ड के साथ-साथ खेलकूद, साइंस ओलंपियाड और विज्ञान प्रदर्शनी जैसे 8 कठिन मानकों पर खरा उतरना होता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री रामाकांत राणा ने इस उपलब्धि पर गर्व जताते हुए कहा कि यह विद्यालय के लिए गौरव का क्षण है कि ग्रामीण क्षेत्र से होने के बावजूद यहाँ के छात्र राष्ट्रीय स्तर पर परचम लहरा रहे हैं। यह इस विद्यालय के चौथे विद्यार्थी हैं जिनका चयन इसरो में हुआ है।
इस अवसर पर साक्षी के पिता श्री विक्रम लाला को विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया। मौके पर विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी जी उपस्थित रहे।

0 Comments