-->

धनबाद में प्रिंस खान के गुर्गों से पुलिस की मुठभेड़, दो अपराधियों के पैर में लगी गोली; लेवी वसूलने जा रहे थे बदमाश

 


धनबाद/बरवाअड्डा। धनबाद में प्रिंस खान के गुर्गों से पुलिस की मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में पुलिस ने दो अपराधियों के पैर में गोली मारकर उन्हें घायल कर दिया। घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कुड़मीडीह कृषि बाजार समिति के पीछे की है।

पुलिस की गाड़ी पर भी गोली लगने की सूचना है।

जानकारी के अनुसार, दोनों अपराधी बाइक (जेएच 10 डीके 7487) पर सवार थे। पुलिस के मुताबिक, वे प्रिंस खान के भाई गोपी खान से फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दोनों अपराधियों के पैर में गोली मार दी।

मुठभेड़ में घायल अपराधियों की पहचान इरफान अंसारी और नन्हें अंसारी के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि दोनों अपराधी किसी व्यक्ति से लेवी वसूलने के लिए जा रहे थे।

हालांकि, वे किससे लेवी लेने जा रहे थे, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। लेवी वसूलने जाते समय ही पुलिस ने कार्रवाई की। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में छानबीन शुरू कर दी है और अपराधियों के संपर्कों की भी जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments