-->

धनबाद में प्रिंस खान गैंग से मुठभेड़ की FIR में पुलिस की कहानी, तुलसी मंडल से मांगी गई थी रंगदारी


धनबाद।* बरवाअड्डा के जमीन कारोबारी तुलसी मंडल से भगोड़ा प्रिंस खान तथा गोपी खान ने पांच लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इस बात की भनक पुलिस को मिल गई।

इसी के बाद बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में प्रिंस खान गैंग के गुर्गे और पुलिस के बीच मुठभेड़ हुई थी।

पुलिस ने रंगदारी वसूलने जा रहे प्रिंस खान गैंग को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। जिसके बाद गैंग के सदस्यों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई और गोलीबारी प्रिंस खान के दो गुर्गे इरफान आलम व नन्हें अंसारी जख्मी हो गया। दोनों का इलाज एसएनएमएमसीएच में चल रहा है।

इस पूरी घटना को लेकर बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार की शिकायत पर बरवाअड्डा थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई है। जिसमें प्रिंस खान-गोपी खान गिरोह के सक्रिय सदस्य इरफान आलम उर्फ टुन्नु तथा मो. नाजिर अंसारी उर्फ नन्हें अंसारी को नामजद किया गया है। मामले में गिरोह के सरगना गोपी खान, हैदर अली उर्फ प्रिंस खान तथा एक अज्ञात को भी आरोपित बनाया गया है।

प्राथमिकी के अनुसार, बरवाअड्डा क्षेत्र के जमीन कारोबारी तुलसी मंडल से प्रिंस खान-गोपी खान गिरोह द्वारा जान मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगे जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। 17 अगस्त को पुलिस को जानकारी मिली कि रात करीब 10 बजे पांच लाख रुपये रंगदारी की रकम का लेन-देन ढुढ़वाडीह में होना है।

इसके बाद वरीय अधिकारियों को सूचना देकर पुलिस टीम गठित की गई।सिटी एसपी के नेतृत्व में गठित टीम में बरवाअड्डा समेत कतरास, बैंकमोड़, सरायढेला, धनबाद, मैथन, बरोरा, तेतुलमारी, भूली और जोगता थाना के अधिकारी शामिल थे।

रात करीब 8.50 बजे टीम ढुढ़वाडीह मुख्य सड़क स्थित पानी टंकी के पास पहुंची और अलग-अलग स्थानों पर छिपकर अपराधियों का इंतजार करने लगी। कुछ देर बाद एक काले रंग की कार वहां पहुंची। करीब 10-15 मिनट बाद तीन युवकों के सवार होनेवाली मोटरसाइकिल भी वहां पहुंची।

पुलिस के अनुसार, दोनों वाहनों के लोगों के बीच बातचीत के बाद अपराधियों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में इरफान आलम और नाजिर अंसारी घायल हो गए। प्राथमिकी में थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया है कि उन्होंने अपनी सरकारी पिस्तौल से दो राउंड फायरिंग की गई थी।

वहीं सरायढेला थाना प्रभारी मंजीत कुमार, इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, असित कुमार, दारोगा अभिनव कुमार, अभय कुमार के द्वारा अपने-अपने सरकारी हथियार से एक-एक राउंड फायरिंग की गई थी।

Post a Comment

0 Comments