-->

SIR अभियान को लेकर तोपचांची में BLO की बैठक।


अनमैप्ड मतदाताओं के नोटिस और दस्तावेजों की दी गई जानकारी

तोपचांची प्रखंड कार्यालय में गुरुवार को BLO की बैठक आयोजित की गई। बैठक मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के निर्देशानुसार हुई। इस दौरान BLO को SIR अभियान के तहत अनमैप्ड मतदाताओं को जारी किए गए नोटिस की तामिला, हियरिंग प्रक्रिया और BLO ऐप पर जानकारी अपलोड करने को लेकर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।

बैठक में BLO को बताया गया कि नोटिस में हियरिंग के लिए आने का स्थान और अन्य आवश्यक जानकारी अंकित है। नोटिस की तामिला के बाद उसकी रसीद को BLO ऐप में किस तरह अपलोड करना है और जिन मतदाताओं को नोटिस दिया जा चुका है, उनका BLO ऐप के माध्यम से निष्पादन किस प्रकार करना है, इसकी जानकारी भी दी गई।

निर्वाचन प्रभारी चंदन कुमार पासवान ने बताया कि फिलहाल मुख्य रूप से उन मतदाताओं को नोटिस जारी किया गया है, जिनका नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मैप नहीं हो पाया है। इन मतदाताओं को नोटिस पहुंचाने की जिम्मेदारी BLO को दी गई है। साथ ही, हियरिंग के दिन मतदाताओं को कौन-कौन से दस्तावेज लेकर आने होंगे, इसकी भी जानकारी दी गई। इसके लिए निर्धारित 11 दस्तावेजों के बारे में BLO को बताया गया।

बैठक में मतदाताओं को अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर दस्तावेजों की प्रक्रिया भी समझाई गई। बताया गया कि 1987 से पहले जन्मे और 2003 की मतदाता सूची तथा वर्तमान मतदाता सूची दोनों में नाम वाले मतदाताओं को अपने SR के एक्सट्रैक्ट की कॉपी देनी होगी।

वहीं, 1987 से पहले जन्मे लेकिन 2003 की मतदाता सूची में नाम नहीं होने वाले मतदाताओं को निर्धारित 11 दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज उपलब्ध कराना होगा।

1 जुलाई 1987 से 2 दिसंबर 2004 के बीच जन्मे मतदाताओं को स्वयं का 11 निर्धारित दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज देना होगा। इसके अलावा माता या पिता में से किसी एक का भी निर्धारित दस्तावेज देना होगा।

इसी तरह 2004 के बाद जन्मे मतदाताओं को स्वयं का एक निर्धारित दस्तावेज तथा माता और पिता दोनों के दस्तावेजों में से एक-एक दस्तावेज उपलब्ध कराना होगा।

बैठक के दौरान BLO को नोटिस तामिला से लेकर हियरिंग के दिन आवश्यक दस्तावेजों और BLO ऐप पर पूरी प्रक्रिया के निष्पादन तक की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने सभी BLO को निर्देश दिया कि अनमैप्ड मतदाताओं को नोटिस की तामिला समय पर कराते हुए उन्हें हियरिंग और आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं।

चंदन कुमार पासवान, निर्वाचन प्रभारी, तोपचांची प्रखंड ने बताया कि बैठक का उद्देश्य सभी BLO को नोटिस तामिला, हियरिंग और दस्तावेजों से संबंधित प्रक्रिया की पूरी जानकारी देना है, ताकि SIR अभियान के तहत आगे की कार्रवाई नियमानुसार पूरी की जा सके। बैठक में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी नूपुर कुमारी, बीएलओ पर्वेक्षक अजीत सिंह सहित ब्लॉक के कई कर्मी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments