-->

हरिणा बाजार में अपराधी हुए बेखौफ : 3 हफ्तों में की कई वारदातें, अबकी प्रज्ञा केंद्र कोबनाया निशाना


धनबाद : बरोरा थाना क्षेत्र के कॉलोनी रोड स्थित हरिणा बाजार में शुक्रवार रात चोरों ने प्रज्ञा केंद्र की छत का एस्बेस्टस तोड़कर करीब 1200 रुपये नकद चोरी कर लिये. शनिवार सुबह केंद्र खोलने पहुंचे संचालक राजू साव को घटना की जानकारी हुई. सूचना मिलने पर बरोरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की. 

तीन सप्ताह में कई दुकानों को बनाया निशाना

हरिणा बाजार में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में आक्रोश है. करीब तीन सप्ताह पहले इसी प्रज्ञा केंद्र में चोरी हुई थी. उस दौरान लैपटॉप और करीब चार हजार रुपये नकद चोरी होने की बात सामने आयी थी. पड़ोसी अरनव मोबाइल दुकान से भी हजारों रुपये के मोबाइल चोरी किये गये थे.

हाल में कुणाल ज्वेलर्स की छत का एस्बेस्टस तोड़कर चोर दुकान में घुसे थे. वहां मरम्मत के लिए रखे करीब एक लाख रुपये मूल्य के आभूषण चोरी होने की शिकायत सामने आयी थी. इस घटना की पुलिस जांच कर रही है.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

प्रज्ञा केंद्र में चोरी की सूचना मिलने के बाद बरोरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज के जरिये संदिग्धों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है. इससे पहले भी हरिणा बाजार में हुई चोरी के मामलों में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने की बात कही थी.

लगातार घटनाओं से दुकानदारों में नाराजगी

एक के बाद एक दुकानों में चोरी की घटनाओं से हरिणा बाजार के दुकानदारों में नाराजगी है. उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से व्यापारियों में चिंता बढ़ रही है. दुकानदारों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं का जल्द उद्भेदन कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.

व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे.

Post a Comment

0 Comments