बोकारो :* आईईएल थाना क्षेत्र अंतर्गत ससबेड़ा पूर्वी पंचायत के जोबेड़ा गांव निवासी 64 वर्षीय बुजुर्ग मुंद्रिका यादव बुधवार की सुबह कोनार नदी पार करने के दौरान तेज धार में बह गए। घटना के बाद से वह लापता हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन, स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और 15 सदस्यीय गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुट गई है। लगातार हो रही बारिश और नदी में तेज बहाव के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि मुंद्रिका यादव मंगलवार की शाम कोनार नदी पार कर बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के गंडके गांव में करमा पर्व के अवसर पर आयोजित झूमर कार्यक्रम एवं विसर्जन देखने गए थे। कार्यक्रम देखने के बाद वह वहीं से वापस लौटे और बुधवार की सुबह अपने गांव जोबेड़ा जाने के लिए कोनार नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव की चपेट में आ गए और देखते ही देखते पानी में बहकर लापता हो गए।

0 Comments