-->

धनबाद मे दिनदहाड़े गोलीबारी हुई, गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान और उनके साथी सद्दाम को लगी गोली।

 


घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी 

धनबाद. बैंक मोड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को भूली मोड़ क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से सनसनी फैल गयी. अज्ञात अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान और उसके साथ मौजूद युवक सद्दाम पर फायरिंग कर दी. घटना में दोनों को गोली लगी है. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया. सानू खान का असर्फी अस्पताल और सद्दाम का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.घात लगाये अपराधियों ने की फायरिंग, प्राप्त जानकारी के अनुसार, सानू खान और सद्दाम किसी काम से भूली मोड़ क्षेत्र गये थे. इसी दौरान पहले से घात लगाये अपराधियों ने दोनों पर फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरातफरी मच गयी. लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे.फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार हो गये. गोली लगने से घायल दोनों युवकों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है.

सीसीटीवी फुटेज से हमलावरों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि फायरिंग में शामिल लोगों की पहचान की जा सके. हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी भी की जा रही है.पुलिस के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. गोलीबारी के पीछे के कारण और हमलावरों की पहचान को लेकर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है. दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद भूली मोड़ क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर भी लोगों में चिंता का माहौल है.

Post a Comment

0 Comments