धनबाद: बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल में हिंदी माह 2026 के अंतर्गत आयोजित विभिन्न हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। हिंदी के प्रति कर्मचारियों में रुचि एवं जागरूकता बढ़ाने तथा कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पूरे माह विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
हिंदी माह के दौरान दृश्य-श्रव्य प्रतियोगिता, ई-मेल लेखन प्रतियोगिता एवं हिंदी टंकण प्रतियोगिता में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने अपनी भाषायी दक्षता, रचनात्मकता एवं प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्राप्त करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आंचलिक प्रबंधक दिनेश प्रसाद ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि हिंदी के प्रयोग को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक कार्यालयीन कार्यों का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता की सराहना करते हुए राजभाषा हिंदी के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों की सक्रिय सहभागिता की सराहना की गई। साथ ही, भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ राजभाषा संबंधी गतिविधियों में भाग लेने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए सभी को प्रोत्साहित किया गया।

0 Comments