धनबाद, 18 सितंबर 2026: बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल की बेलगरिया शाखा द्वारा बेलगरिया स्थित झरिया पुनर्वास एवं विकास प्राधिकरण (JRDA) के टाउनशिप के फेज II के मार्केट कॉम्प्लेक्स में बैंक लोन मेला-सह- स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन दिनेश प्रसाद, आंचलिक प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल एवं अजय भरतिया, वारिए प्रबंधक (वित्त), JRDA द्वारा किया गया। इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया, JRDA एवं जिला प्रशासन के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
ग्राहकों को विभिन्न ऋण एवं बैंकिंग उत्पादों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिविर में रिटेल कार एवं कमर्शियल वाहन डीलरों ने भी भाग लिया और संभावित ग्राहकों को वाहन ऋण संबंधी जानकारी प्रदान की। साथ ही, पाटलिपुत्र अस्पताल की चिकित्सकीय टीम द्वारा ग्राहकों एवं स्थानीय नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर में बेलगरिया एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों की उत्साहजनक भागीदारी रही। विभिन्न बैंकिंग उत्पादों के प्रति लोगों ने रुचि दिखाई और ऋण एवं खाता संबंधी जानकारी प्राप्त की। शिविर के दौरान 2 वाहन ऋण लीड (लगभग ₹10 लाख), 3 SHG ऋण लीड, 2 मुद्रा ऋण लीड तथा 11 बचत खाते प्राप्त हुए। इसके अतिरिक्त 4 APY एवं 18 PMJJBY/PMSBY के नामांकन/लीड भी प्राप्त हुए।
इस अवसर पर दिनेश प्रसाद, आंचलिक प्रबंधक ने ग्राहकों से संवाद करते हुए उन्हें बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ने तथा बैंक की विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम ने ऋण जागरूकता, वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा एवं ग्राहक सेवा को बढ़ावा देने के साथ-साथ बेलगरिया टाउनशिप के निवासियों के साथ बैंक के संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

0 Comments