हजारीबाग के गिद्दी थाना क्षेत्र में सीसीएल कर्मी मंगलेश पाल उर्फ हैप्पी की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में मृतक की पत्नी सोनाली कुमारी, उसके प्रेमी कौशिक कुमार और एक नाबालिग सहयोगी की संलिप्तता सामने आई है। मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी ने एफएसएल, फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने धारदार हथियार से हत्या करने के बाद घटना को लूटपाट का रूप देने और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई दाउली और चाकू, खून लगे कपड़े-चप्पल, पोछा तथा मोबाइल फोन के जले हुए अवशेष बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि हत्या के पीछे सीसीएल की नौकरी और विवाह से जुड़ी साजिश का संदेह सामने आया है। मामले में गिद्दी थाना कांड संख्या 35/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

0 Comments