-->

धनबाद में साइबर फ्रॉड के खिलाफ बड़ा एक्शन: टुंडी से कोडरमा तक फैले नेटवर्क के 6 संदिग्ध दबोचे


धनबाद पुलिस ने साइबर अपराध से जुड़े एक मामले में छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है. सूत्रों के अनुसार, हिरासत में लिये गये लोगों के तार अंतरजिला गिरोह से जुड़े होने की आशंका है

इनमें चार धनबाद जिले के टुंडी, एक कोडरमा और एक देवघर का निवासी बताया जा रहा है. सभी को निरसा पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के एक थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है.

देर रात तक चली पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भी देर रात संबंधित थाने पहुंचे. उन्होंने हिरासत में लिये गये संदिग्धों से पूछताछ की और मामले की जांच की जानकारी ली. जांच में निरसा एसडीपीओ लीलेश्वर महतो, साइबर थाना धनबाद के अधिकारी, संबंधित थाना के इंस्पेक्टर, सर्किल इंस्पेक्टर समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी जुटे हुए हैं

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस ने संदिग्धों के पास से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य सामान जब्त किया है. हालांकि, पुलिस की ओर से अब तक न तो हिरासत में लिये गये लोगों की भूमिका और न ही कथित बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि की गयी है. पुलिस अधिकारी फिलहाल मामले पर सार्वजनिक रूप से जानकारी देने से बच रहे हैं

अन्य थानों में भी दर्ज हो सकती है प्राथमिकी

जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार, मामले में निरसा पुलिस अनुमंडल क्षेत्र के किसी थाने के अलावा जिले के अन्य थाने में भी प्राथमिकी दर्ज होने की संभावना है. हालांकि, इस संबंध में भी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है. पुलिस की जांच पूरी होने और आधिकारिक बयान आने के बाद ही मामले की प्रकृति, संदिग्धों की भूमिका और जब्त सामान के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी

हाल में 11 आरोपितों को भेजा गया था जेल

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले निरसा पुलिस अनुमंडल क्षेत्र में साइबर अपराध के एक मामले में 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था. उस कार्रवाई में लाखों रुपये नकद, कई मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद होने की जानकारी दी गयी थी. बाद में आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था

अब छह अन्य संदिग्धों से पूछताछ के बाद साइबर अपराध से जुड़े संभावित नेटवर्क की जांच आगे बढ़ने की उम्मीद है. हालांकि, दोनों मामलों के बीच कोई सीधा संबंध होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है

Post a Comment

0 Comments