धनबाद : हीरापुर हरि मंदिर रोड स्थित एसबीआई एटीएम में कार्ड फंसना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया. कार्ड निकालने में मदद के बहाने पहुंचे एक शख्स ने बैंक का नंबर बताकर पीड़ित को ठगी के जाल में फंसा दिया
बाद में बैंक अधिकारी बनकर फोन पर बात करने वाले शख्स ने उसके खाते से 45 हजार 700 रुपये उड़ा लिए. पीड़ित ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है
हरिओम टावर बिल्डिंग निवासी रामपद कुमार के अनुसार वह एक अक्टूबर को हीरापुर हरि मंदिर रोड स्थित एसबीआई एटीएम से रुपये निकालने गए थे. इसी दौरान उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया. काफी प्रयास करने के बावजूद कार्ड बाहर नहीं निकला
इसी बीच एक व्यक्ति एटीएम कक्ष में पहुंचा और मदद की पेशकश की. मदद के नाम पर उस व्यक्ति ने एक मोबाइल नंबर दिया और कहा कि यह चिरागोड़ा एसबीआई का नंबर है. उसने उक्त नंबर पर फोन कर बैंक से संपर्क करने और कार्ड निकलवाने की सलाह दी
दिए गए नंबर पर फोन किया तो दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने खुद को बैंक अधिकारी बताया और बैंक आने को कहा. उसकी बातों पर भरोसा कर जब चिरागोड़ा एसबीआई पहुंचा तो पता चला कि उनके खाते से रकम निकाली जा चुकी है.
पीड़ित के अनुसार उनके खाते से 10-10 हजार रुपये की चार बार निकासी कर कुल 40 हजार रुपये निकाल लिए गए. इसके अलावा उनके एटीएम कार्ड से 5,700 रुपये की खरीदारी भी की गई. इस तरह कुल 45,700 रुपये की ठगी हुई.
घटना की जानकारी मिलते ही रामपद ने तत्काल अपना एटीएम कार्ड ब्लॉक कराया और धनबाद थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने पुलिस को बताया कि घबराहट और जल्दबाजी में आरोपी की बातों पर भरोसा करना उन्हें महंगा पड़ा
एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
पीड़ित ने एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाया है. उनका कहना है कि घटना के समय एटीएम में कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था. उन्होंने यह भी बताया कि एटीएम में सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था भी स्पष्ट रूप से नजर नहीं आई. ऐसे में आरोपी की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन सकता है.
रामपद ने पुलिस प्रशासन से आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी करने और एटीएम में सुरक्षा गार्ड और प्रभावी सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित कराने की मांग की है. पुलिस लिखित शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है

0 Comments