रांची में लगातार हो रही चेन छिनतई की घटनाओं के खिलाफ रांची पुलिस ने रविवार सुबह बड़ी कार्रवाई की. पुलिस और कोढ़ा गैंग से जुड़े अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई. इस दौरान गैंग के एक अपराधी आकाश यादव उर्फ रंगीला ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी
जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी. इसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए रिम्स भेजा गया. वहीं उसके दो अन्य साथियों को भी पुलिस ने पकड़ लिया.
रांची पुलिस के अनुसार पिछले कुछ दिनों में शहर में चेन छिनतई की कई घटनाएं सामने आई थीं. इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक रांची ने सभी थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक निर्देश दिए थे. चेन छिनतई में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी. 3 अक्टूबर को बरियातू थाना और मेसरा ओपी क्षेत्र में भी चेन छिनतई की घटनाएं हुई थीं. इसी दौरान पुलिस को कुख्यात कोढ़ा गैंग के तीन अपराधियों के बारे में जानकारी मिली और उनकी निगरानी शुरू की गई.
पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने रांची जिले में करीब एक दर्जन घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. कई वारदातों में लोगों को डराने के लिए हथियारों के इस्तेमाल की बात भी सामने आई. अपराधियों ने पुलिस को बताया कि रिंग रोड के आसपास चुट्टू गांव के पास हथियार छिपाकर रखे गए हैं. इसी सूचना पर पुलिस टीम हथियार बरामद करने के लिए पहुंची थी
इसी दौरान आकाश यादव उर्फ रंगीला ने बरियातू थाना के हवलदार रविंद्र कुमार से पिस्टल छीन ली और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक आत्मरक्षा में बरियातू थाना प्रभारी ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें रंगीला के पैर में गोली लगी. इसके बाद पुलिस ने उसके दोनों साथियों को भी पकड़ लिया. घायल अपराधी को इलाज के लिए रिम्स भेजा गया है. अन्य आरोपियों की निशानदेही पर हथियार बरामद कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से होंडा शाइन बाइक, पल्सर बाइक और कारतूस बरामद किया है. इसके अलावा चेन छिनतई की घटनाओं से जुड़ी चार सोने की चेन और एक आधी चेन बरामद हुई है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश यादव उर्फ रंगीला, अमन कुमार यादव और कार्तिक यादव उर्फ दिनेश के रूप में हुई है. तीनों कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं
पुलिस की शुरुआती जांच में तीनों अपराधियों के खिलाफ बिहार और झारखंड के अलग-अलग जिलों में 40 से अधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई है. इनमें आर्म्स एक्ट, लूट, छिनतई और चोरी से जुड़े मामले शामिल हैं. रांची के अलावा हजारीबाग, रामगढ़ और धनबाद में भी चेन छिनतई की घटनाओं में इनके शामिल होने की जानकारी पुलिस को मिली है.
पुलिस के अनुसार आकाश यादव उर्फ रंगीला के खिलाफ बिहार के सारण, शेखपुरा, हाजीपुर, सहरसा, पटना, दानापुर समेत कई थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं. अमन यादव और कार्तिक यादव के खिलाफ भी अलग-अलग थानों में चोरी समेत अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस अब इनकी निशानदेही पर अन्य घटनाओं और गिरोह से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है

0 Comments