-->

बाघमारा की जोगीडीह कोलियरी में अवैध मुहानों की जांच करने गए BCCL प्रोजेक्ट ऑफिसर पर हमला, वाहन के शीशे तोड़े


धनबाद : बीसीसीएल गोविंदपुर क्षेत्र की जोगीडीह कोलियरी में अवैध खनन के खिलाफ निरीक्षण के दौरान परियोजना पदाधिकारी (पीओ) कामता सिंह के दल पर हमले का आरोप लगा है. गुरुवार को जोगीडीह कांटा घर के समीप हुई घटना में पीओ और उनके साथ मौजूद लोग सुरक्षित निकलने में सफल रहे.

हालांकि, उनके साथ चल रहे आउटसोर्सिंग कंपनी के इलेक्ट्रिक वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिये गये. मामले में पीओ ने सोनारडीह पुलिस को लिखित शिकायत दी है.

बताया जाता है कि पीओ कामता सिंह अवैध मुहानों का निरीक्षण करने निकले थे. इसी दौरान कांटा घर के पास 8-10 लोगों ने उनके दल को घेर लिया. पीओ की शिकायत के अनुसार, लोगों ने अचानक हमला कर दिया और वाहन के शीशे तोड़ दिये. इस दौरान चालक के साथ धक्का-मुक्की भी की गयी. स्थिति बिगड़ने पर पीओ और उनके साथ मौजूद लोग किसी तरह वहां से निकल गये.

कोयला चोरी में संलिप्त होने का आरोप

घटना के संबंध में आरोप लगाया गया है कि हमलावर कोयला चोरी में संलिप्त थे. हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पीओ कामता सिंह ने पुलिस को दी गयी शिकायत में बताया है कि निरीक्षण के दौरान 8-10 लोगों ने उनके दल पर हमला किया और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया. उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस कर रही मामले की जांच

सोनारडीह ओपी प्रभारी साधन कुमार ने बताया कि शिकायत मिली है और मामले की जांच की जा रही है. इधर, घटना के बाद क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी निंदा करते हुए हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

Post a Comment

0 Comments