कतरास : कतरास थाना क्षेत्र के लिलौरी स्थान के समीप चास-राजगंज फोरलेन रेलवे फाटक के पास देर रात एक हुंडई कार हाइट गेट से टकरा गयी। टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गयी और देखते ही देखते वह जलकर खाक हो गयी। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी। हालांकि, कार सवार लोग किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे। सूचना पर पहुंची कतरास पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एनएच-32 पर चल रहे सड़क निर्माण और यातायात व्यवस्था पर सवाल उठाये। लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और संकेतक नहीं होने से वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। सड़क निर्माण से जुड़ी एजेंसी अशोका बिल्डकॉन की व्यवस्था पर भी लोगों ने सवाल उठाये। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

0 Comments