-->

धनबाद : दुर्गा पूजा को लेकर सड़क पर उतरे DC - SSP, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा


धनबाद : दुर्गा पूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त आदित्य रंजन के नेतृत्व में जिले में व्यापक फ्लैग मार्च निकाला गया .पुलिस केंद्र से शुरू हुए मार्च में जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी व जवान शामिल हुए.

टीम ने शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और पूजा पंडालों का जायजा लिया.

फ्लैग मार्च स्टील गेट, झारखंड मैदान, मनईटांड़, धनसार, झरिया, केंदुआडीह, लोयाबाद, सिजुआ, कतरास, तेतुलमारी, भूली, वासेपुर, नया बाजार और सिटी सेंटर समेत विभिन्न क्षेत्रों से गुजरा. इस दौरान अधिकारियों ने पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की.

उपायुक्त ने अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, सुरक्षित आवागमन और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया. वहीं यातायात पुलिस को प्रमुख मार्गों पर सतर्कता बरतने और जाम की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.

फ्लैग मार्च में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, डीएसपी विधि व्यवस्था प्रकाश सोय, बाघमारा एसडीपीओ अजीत बिमल, सिंदरी एसडीपीओ प्रकाश चंद्र महतो, ट्रैफिक डीएसपी रोहित साव और सीसीआर डीएसपी प्रदीप साव समेत अन्य अधिकारी शामिल थे. प्रशासन ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शांति-सौहार्द बनाए रखना प्राथमिकता है.

Post a Comment

0 Comments