धनबाद के सांसद ढुलू महतो की पुत्री और विधायक शत्रुघ्न महतो की भतीजी साक्षी कुमारी आज विवाह के बंधन में बंधने जा रही हैं। इस भव्य शादी समारोह के लिए चिटाही पूरी तरह से सजधज कर तैयार है। साक्षी कुमारी का विवाह दुग्धा बस्ती निवासी निरंजन साव के पुत्र रविकांत साव (डीएसपी) के साथ संपन्न होगा।
दिग्गज नेताओं का लगेगा जमावड़ा।
इस शाही शादी समारोह में शामिल होने के लिए राज्य और देश के कई कद्दावर नेताओं का सांसद आवास पहुंचना लगातार जारी है। समारोह में झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, ओडिशा के राज्यपाल ब्रजमोहन राम और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के शामिल होने की प्रबल संभावना है। इसके अलावा, केंद्र और राज्य सरकार के कई मंत्रियों तथा अन्य गणमान्य अतिथियों के भी पहुंचने की उम्मीद है।
5 किलोमीटर तक भव्य सजावट और हेलीपैड की व्यवस्था।
समारोह को यादगार बनाने के लिए चिटाही से लेकर मुराईडीह और सोनारडीह तक करीब पांच किलोमीटर के पूरे इलाके को बेहद आकर्षक ढंग से सजाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर सात से अधिक भव्य पंडाल बनाए गए हैं, जिनमें अति विशिष्ट (VVIP) और विशिष्ट (VIP) अतिथियों के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है। मेहमानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशाल वाहन पार्किंग के साथ-साथ विशेष हेलीपैड भी तैयार किया गया है।
22 चूल्हों पर पकेंगे व्यंजन, 66 काउंटरों से होगी सेवा।
अतिथियों के स्वागत और खानपान के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मेहमानों की भारी संख्या को देखते हुए भोजन के लिए सात अलग पंडाल बनाए गए हैं, जहां 22 चूल्हों पर लजीज व्यंजन तैयार होंगे और 66 काउंटरों के माध्यम से परोसे जाएंगे। इसके अतिरिक्त, चिटाही में प्रवेश करने वाले दोनों छोर पर भी भोजन की व्यवस्था की गई है, ताकि जो अतिथि मुख्य समारोह स्थल के भीतर जाने में असुविधा महसूस करें, वे वहीं सुविधापूर्वक भोजन कर सकें।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, डीसी-एसएसपी ने लिया जायजा।
वीवीआईपी आगमन और भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सोमवार को उपायुक्त (डीसी) आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी और बाघमारा सीओ गिरिजानंद किस्कू समेत कतरास, बरोरा व अन्य थानों की पुलिस टीम ने चिटाही पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आने-जाने वाले मार्गों, पार्किंग स्थल, वीआईपी ठहराव और विवाह स्थल का जायजा लेते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने के सख्त निर्देश दिए हैं।

0 Comments