धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की संयुक्त टीम ने आपरेशन सतर्क के तहत अंग्रेजी शराब की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर गठित स्पेशल टास्क टीम और अपरा आसूचना शाखा के जवानों ने शुक्रवार-शनिवार देर रात निगरानी व गश्त के दौरान कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, प्लेटफार्म नंबर दो के कालका छोर पर पिटू बैग लिए दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया। तलाशी में विभिन्न ब्रांड की 37 बोतलें बरामद हुईं। इनकी कुल मात्रा 18,400 मिलीलीटर और अनुमानित कीमत 20,020 रुपये बताई गई। सभी बोतलों पर बिक्री के लिए केवल पश्चिम बंगाल अंकित था। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र के फतुहा निवासी सन्नी कुमार (30) और राहुल कुमार (28) के रूप में हुई। पूछताछ में बताया कि बराकर से कम दाम पर शराब लेकर गंगा दामोदर एक्सप्रेस से धनबाद के रास्ते पटना जा रहे थे, जहां इसे अधिक मुनाफे पर बेचने की योजना थी। आरपीएफ पोस्ट ने कागजी कार्रवाई के बाद दोनों आरोपितों और जब्त शराब को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंप दिया।

0 Comments