बैंक ऑफ इंडिया द्वारा टुंडी एवं गोविंदपुर प्रखंड के टीबी मरीजों के बीच ‘पोषण पोटली’ का वितरण।


धनबाद, 26 नवंबर 2026 को बैंक ऑफ इंडिया धनबाद ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी एवं सामुदायिक कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बैंक ऑफ इंडिया सोशल फाउंडेशन के माध्यम से धनबाद जिले के टुंडी एवं गोविंदपुर प्रखंड स्थित सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों में इलाजरत टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक खाद्य सामग्री से युक्त ‘पोषण पोटली’ का वितरण किया।

इस कार्यक्रम के तहत श्रीमती शम्पा बिस्वास, महाप्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया, द्वारा टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार प्रसाद, सिविल सर्जन, धनबाद एवं डॉ. रेखा, जिला टीबी पदाधिकारी, धनबाद विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में दिनेश प्रसाद आंचलिक प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल अव्रत्नु चंदा, उप आंचलिक प्रबंधक, धनबाद अंचल के साथ बैंक ऑफ इंडिया एवं सिविल सर्जन कार्यालय के अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य टीबी के उपचाराधीन मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना तथा उनके उपचार एवं स्वास्थ्य लाभ की प्रक्रिया में सहयोग प्रदान करना है। पोषण पोटली में आवश्यक पौष्टिक खाद्य सामग्री शामिल है, जो मरीजों के पोषण स्तर को बेहतर बनाने में सहायक होगी।

इस अवसर पर शम्पा बिस्वास महाप्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया ने टीबी के उपचार में उचित पोषण के महत्व एवं इस बीमारी के उन्मूलन में सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया सामाजिक कल्याण से जुड़ी सार्थक पहलों में निरंतर योगदान देने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

सिविल सर्जन एवं जिला टीबी पदाधिकारी ने बैंक ऑफ इंडिया की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि टीबी मरीजों के नियमित चिकित्सकीय उपचार के साथ-साथ उन्हें उचित पोषण उपलब्ध कराना भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इस सीएसआर पहल के माध्यम से बैंक ऑफ इंडिया ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि बैंक की भूमिका केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक कल्याण, जनस्वास्थ्य एवं समावेशी विकास के क्षेत्र में भी बैंक अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

0 Comments