धनबाद, 27 नवंबर 2026: बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल द्वारा आज तोपचांची प्रखंड अंतर्गत चितरपुर पंचायत भवन में वित्तीय संतृप्ति शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं वंचित वर्गों तक बैंकिंग सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा उन्हें विभिन्न सरकारी प्रायोजित वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ना था।
कार्यक्रम में श्रीमती शम्पा बिश्वास, गार्जियन जीएम, बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं। कार्यक्रम में श्री दिनेश प्रसाद, आँचलिक प्रबंधक, धनबाद अंचल; श्री अव्रतानु चंदा, उप आँचलिक प्रबंधक; श्री आनंद कुमार, प्रमुख, तोपचांची प्रखंड; श्री प्रसिद्ध कुमार सिंह, मुखिया, श्रीरामपुर पंचायत; तथा श्री सीताराम महतो, मुखिया, चितरपुर पंचायत की गरिमामयी उपस्थिति रही।
शिविर में बैंक ऑफ इंडिया के विभिन्न शाखाओं के शाखा प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी, प्रखंड प्रशासन के प्रतिनिधि, जेएसएलपीएस कर्मी, बैंक सखी तथा बैंक ऑफ इंडिया के बिजनेस कॉरेस्पॉन्डेंट (बीसी) उपस्थित रहे। सभी ने शिविर में आए ग्राहकों एवं लाभार्थियों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने तथा विभिन्न योजनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अपने संबोधन में श्रीमती शम्पा बिश्वास ने लोगों से बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ने तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने वित्तीय जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को साइबर धोखाधड़ी एवं अन्य वित्तीय जालसाजी से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि वित्तीय समावेशन ग्रामीण परिवारों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
शिविर के दौरान विभिन्न वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत नामांकन की प्रक्रिया पूरी की गई, जिनमें प्रमुख रूप से निम्नलिखित योजनाएं शामिल थीं:
* प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY)
* प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY)
* अटल पेंशन योजना (APY)
* प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY)
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के लाभार्थियों को 2 लाख का चेक प्रदान किए गए। यह पहल सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में बैंक की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
शिविर के अंतर्गत विशेष पहल करते हुए बिरहोर जनजाति के 22 लोगों के बैंक खाते खोले गए। इसके अतिरिक्त बिरहोर जनजाति के परिवारों के बीच राशन सामग्री का वितरण भी किया गया। यह पहल समाज के विशेष रूप से कमजोर एवं वंचित वर्गों को वित्तीय एवं सामाजिक सहायता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम रही।
इस वित्तीय संतृप्ति शिविर के माध्यम से बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल ने वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा, वित्तीय साक्षरता तथा ग्रामीण एवं वंचित समुदायों तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने के अपने संकल्प को दोहराया।
बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल का निरंतर प्रयास है कि प्रत्येक पात्र नागरिक बैंकिंग सेवाओं से जुड़े तथा सरकार की विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सके। कार्यक्रम में कृषि, स्वयं सहायता समूह, किसान वाहन,पीएमएफई के अंतर्गत ऋण स्वीकृत पत्र प्रदान किया गया। साथ ही साथ 645 प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, 813 प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, 719 अटल पेंशन योजना, 412 प्रधानमंत्री जन धन योजना के अंतर्गत ग्राहकों बैंक ऑफ़ इंडिया के साथ जोड़ा गया। वितीय समावेशन कैम्प 31 दिसम्बर तक विभिन्न पंचायत में आयोजित किया जाएगा।

0 Comments