कोयलांचल की धरती से एक बार फिर ऐसी तस्वीर सामने आई है, जो व्यवस्था, बेरोजगारी और गरीबी पर कई सवाल खड़े करती है। पेट की आग बुझाने के लिए एक मां अपने बेटे के साथ कोयला निकालने खदान पहुंची थी, लेकिन उसे क्या पता था कि यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा। सोमवार सुबह बाघमारा पुलिस अनुमंडल के बरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडल केंदुआडीह बस्ती के समीप बीसीसीएल की एएमपी कोलियरी की खुली खदान में कथित अवैध कोयला उत्खनन के दौरान अचानक चाल धंस गई। मलबे में दबकर करीब 45 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जाता है कि महिला अन्य महिला-पुरुषों के साथ खदान में कोयला निकालने पहुंची थी। इसी दौरान अचानक खदान की चाल धंस गई और महिला मलबे में दब गई। घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर महिला को बाहर निकाला और निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बेटे का रो-रोकर बुरा हाल था। मां को गोद में लेकर बिलखते बेटे का दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जिस मां के साथ वह रोजी-रोटी की तलाश में निकला था, उसी मां को खोकर उसे घर लौटना पड़ा। बाद में परिजनों ने आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, बरोरा और आसपास के इलाकों में कई महिला-पुरुष घरेलू जरूरतों और जलावन के लिए रोजाना खुली खदानों तथा सुनसान परियोजनाओं में कोयला चुनने पहुंचते हैं। आर्थिक तंगी और रोजगार की कमी के बीच लोग अपनी जान की परवाह किए बिना खतरनाक खदानों में उतरते हैं। सवाल यह है कि जिस कोयले के लिए लोग अपनी जिंदगी दांव पर लगा रहे हैं, आखिर उनकी इस मजबूरी का जिम्मेदार कौन है?
इस पूरे मामले का सबसे गंभीर पहलू यह है कि हादसे में एक महिला की जान चली गई, लेकिन सूत्रों के अनुसार पुलिस के पास अब तक कोई लिखित शिकायत नहीं पहुंची है। अब सवाल उठता है कि आखिर ऐसी घटनाओं में परिजन शिकायत करने से क्यों बचते हैं? क्या उन्हें कानूनी कार्रवाई का डर रहता है, या फिर उन्हें लगता है कि शिकायत करने से कुछ हासिल नहीं होगा? ऐसे में सवाल बीसीसीएल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी है। आखिर खुली परियोजनाओं में लोग कोयला निकालने कैसे पहुंच रहे हैं? खतरनाक स्थलों की निगरानी कौन कर रहा है? बरोरा और आसपास के क्षेत्रों में अवैध कोयला खनन के दौरान पहले भी कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति यह बताती है कि समस्या केवल सुरक्षा की नहीं, बल्कि गरीबी, बेरोजगारी और अवैध खनन के पूरे तंत्र से भी जुड़ी है।

0 Comments