
आज दिनांक 27 अगस्त 2025 को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने बाबूडीह स्थित मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने खेलकूद क्षेत्र, क्लासरूम, किचन, वाशरूम और पोषण वाटिका समेत पूरे परिसर का बारीकी से जायजा लिया और पाई गई कमियों को दूर करने हेतु आवश्यक दिशा–निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों को उत्कृष्ट प्ले स्कूल की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। फिलहाल बाबूडीह स्थित आंगनबाड़ी को मॉडल आंगनबाड़ी सह प्री-नर्सरी के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसके सफल क्रियान्वयन के बाद जिले के अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों को भी इसी तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों का सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्राथमिकता है, क्योंकि यहां पढ़ने वाले बच्चे ही देश का भविष्य हैं। इन केंद्रों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना तथा धात्री एवं गर्भवती महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराना प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर डीएमएफटी टीम लीडर शैलेश तिवारी, डीएमएफटी पीएमयू के सदस्य, सेविका समेत अन्य लोग उपस्थित थे।

0 Comments