-->

Dhanbad : बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल की पहल The Hindu Mission अनाथालय में हिंदी माह पर विशेष आयोजन

बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल द्वारा हिंदी माह के उपरांत 19 सितम्बर 2025 को हीरापुर स्थित The Hindu Mission अनाथालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें आश्रम के बच्चों ने अत्यंत उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया और कार्यक्रम को सफल एवं यादगार बनाया। प्रतियोगिताओं में विजयी बच्चों को प्रथम, द्वितीय, तृतीय एवं प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त बच्चों को पेन, पेंसिल जैसी शैक्षणिक सामग्री तथा खान–पान की वस्तुएँ भी वितरित की गईं। साथ ही सभी बच्चों के लिए नाश्ते की विशेष व्यवस्था की गई, जिससे बच्चों के बीच अपार खुशी और उत्साह का वातावरण बना। कार्यक्रम में आंचलिक कार्यालय के सामान्य परिचालन विभाग से श्री मनोज कुमार, सचिवालय से सुश्री अर्चना कुजूर तथा राजभाषा अधिकारी श्री सुब्रतो बनर्जी उपस्थित रहे। इस अवसर पर राजभाषा अधिकारी ने बच्चों को हिंदी माह के महत्व के बारे में प्रेरक जानकारी प्रदान की, जिसे बच्चों ने गहरी रुचि के साथ सुना। यह आयोजन न केवल बच्चों के उत्साहवर्धन का माध्यम बना, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद अंचल का एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम भी सिद्ध हुआ।

Post a Comment

0 Comments