झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने पर आजसू पार्टी के जिला प्रधान सचिव सह सांसद प्रतिनिधि रामा शंकर तिवारी ने समस्त प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि दो दशकों से अधिक समय बीत जाने के बाद भी झारखंड की असल तस्वीर बदहाल है, जबकि यह राज्य प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं कर पाया. श्री तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार के विफलताओं के कारण ग्रामीण इलाकों में शिक्षा व्यवस्था आज भी संसाधनों और शिक्षकों की भारी कमी से जूझ रही है, जिससे बच्चों का भविष्य प्रभावित हो रहा है. वहीं स्वास्थ्य सेवाओं की कमजोर स्थिति के कारण ग्रामीण और दूरदराज के लोग अब भी बुनियादी उपचार के लिए परेशान हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बेरोजगारी में लगातार वृद्धि और रोजगार के अवसरों की कमी के कारण युवाओं का पलायन की ग्राफ बढ़ गया है. श्री तिवारी ने यह भी कहा कि उद्योग और खनन क्षेत्र में भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और प्रशासनिक ढिलाई की वजह से स्थानीय ग्रामीण काफी प्रभावित हैं, जिससे राज्य की आर्थिक व्यवस्था कमजोर होती जा रही है. राजनीतिक अस्थिरता को भी उन्होंने बड़ी समस्या बताया. उनके अनुसार, बार-बार सरकार बदलने और नीतियों के अधूरे रह जाने से विकास की गति पर सीधा असर पड़ा है. महिलाओं की सुरक्षा, समान अधिकार और ग्रामीण किसानों को उचित मूल्य व सिंचाई सुविधाएँ उपलब्ध न होने के मुद्दे भी उन्होंने गम्भीर समस्या बताया. श्री तिवारी ने कहा कि झारखंड आज भी संघर्ष, पलायन और अधूरे वादों की छवि से बाहर नहीं निकल पाया है, जबकि अगर नीयत और व्यवस्था मजबूत हो तो यह राज्य देश में समृद्धि का प्रतीक बन सकता है.

0 Comments