रांची न्यूज़:-झारखंड में रांची समेत कई जिलों में लगातार कुहासा गहराने से मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। शुक्रवार को पलामू से लेकर संताल तक बिहार से लगे सीमावर्ती जिलों में घने कुहासे से यातायात बाधित हुई। दृश्यता में कमी आने से विमान से लेकर रेल और सड़क सेवाएं प्रभावित हुईं।उत्तर भारत से आने वाली ट्रेनें अधिक विलंब हो रही हैं। बिहार से बस सेवाएं भी दो से तीन घंटे तक विलंब हो रही हैं। पश्चिमी विक्षोभ के कारण आ रही नमी के कारण कुहासा घना हो रहा है। मौसम विभाग ने पलामू-संताल के सभी जिलों समेत बिहार से सटे सीमावर्ती जिलों में अगले चार दिनों तक घने कुहासे का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान ठंड और कनकनी कायम रहेगी। इन जिलों में पलामू के अलावा गढ़वा, लातेहार, चतरा, लोहरदगा, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, रामगढ़, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, जामताड़ा शामिल है। सुबह के वक्त दृश्यता 200 मीटर से कम हो सकती है। वहीं, कांके का पारा 5.4 डिग्री और मैकलुस्कीगंज का न्यूनतम पारा 6 डिग्री दर्ज किया गया।
शीतलहर में सावधानी बरतें, सुरक्षित रहें : मुख्यमंत्री
रांची। सीएम हेमंत सोरेन ने शीतलहर को देखते हुए लोगों से अपील की है कि आवश्यक सावधानियां बरतें। विशेषकर सुबह-शाम में अनावश्यक यात्रा से बचें। बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें। यदि खांसी-जुकाम, कमजोरी, भ्रम या सांस लेने में कठिनाई हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें। आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा, 104 स्वास्थ्य विभाग हेल्पलाइन अथवा 1800-345-6540 पर संपर्क करें। आपकी सुरक्षा ही हमारी प्राथमिकता है।

0 Comments