-->

सीएसआर पहल के तहत बैंक ऑफ इंडिया द्वारा धनबाद वृद्धाश्रम को सहायता प्रदान

 


गोमो। 10 दिसम्बर 2025 बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद ज़ोन ने अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल के तहत धनबाद वृद्धाश्रम के वृद्धजनों को आवश्यक सामग्री एवं सुविधाएं उपलब्ध कराते हुए समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया। यह पहल धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन के सौजन्यपूर्ण निर्देश पर संचालित की गई।

इस अवसर पर वृद्धाश्रम परिसर में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका शुभारम्भ धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन एवं धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रभात कुमार द्वारा किया गया। उनके साथ बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद ज़ोन के आंचलिक प्रबन्धक दिनेश प्रसाद भी मंचासीन रहे। वरिष्ठ अतिथियों ने वृद्धाश्रम के निवासियों से संवाद कर उनके स्वास्थ्य एवं जरूरतों की जानकारी ली और इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम में धनबाद की जिला सामाजिक कल्याण पदाधिकारी (DSWO) श्रीमती सनेह कश्यप, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (LDM), धनबाद श्री अमित कुमार, जिला प्रशासन के अन्य अधिकारीगण तथा बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी ने संयुक्त रूप से वृद्धजनों के सम्मान एवं देखभाल के लिए इस प्रकार की गतिविधियों को अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया, धनबाद ज़ोन के आंचलिक प्रबन्धक श्री दिनेश प्रसाद ने कहा कि बैंक ऑफ इंडिया समाज के वंचित एवं संवेदनशील वर्गों, विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए सार्थक एवं प्रभावी CSR पहलें संचालित करता रहेगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि बैंक की यह सोच केवल बैंकिंग सेवाओं तक सीमित न रहकर “रिलेशनशिप बियॉन्ड बैंकिंग” की भावना को सुदृढ़ करती है।

बैंक ऑफ इंडिया द्वारा धनबाद वृद्धाश्रम में किया गया यह प्रयास, शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका समर्थन एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में चल रही व्यापक CSR गतिविधियों की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिसके माध्यम से बैंक समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है और वरिष्ठ नागरिकों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास कर रहा है।

Post a Comment

0 Comments