-->

बोकारो में दिनदहाड़े पुलिस की वर्दी में सात हथियारबंद डकैतों का तनिष्क शोरूम पर धावा

 


बोकारो।

झारखंड के बोकारो जिले के सेक्टर-4 थाना क्षेत्र अंतर्गत सिटी सेंटर स्थित तनिष्क शोरूम में रविवार शाम एक बड़ी डकैती की वारदात टल गई। पुलिस की वर्दी में आए सात हथियारबंद डकैतों ने शोरूम में घुसकर लूटपाट की कोशिश की, लेकिन कर्मचारियों की सतर्कता से वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।

जानकारी के अनुसार, शाम करीब चार बजे पांच युवक शोरूम में दाखिल हुए, जिनमें दो पुलिस की वर्दी में थे। उन्होंने खुद को स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का कर्मी बताते हुए सुरक्षा ऑडिट करने की बात कही। शोरूम के अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरण और सुरक्षा इंतजामों की जांच करने का बहाना बनाते हुए उन्होंने कर्मचारियों से बातचीत शुरू की।

शोरूम मैनेजर अनिल कुमार ने बताया कि वर्दीधारी युवकों ने कुछ तस्वीरें दिखाते हुए कर्मचारियों को एकत्र किया और दावा किया कि ये पुराने डकैतों की तस्वीरें हैं। जब उनसे पहचान पत्र मांगा गया और स्थानीय थाना प्रभारी से बात कराने की बात कही गई, तो वे असहज हो गए।

इसी दौरान मास्क लगाए दो अन्य युवक शोरूम में घुसने लगे। वहां तैनात सशस्त्र गार्ड रघु महतो ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिस पर कहासुनी हो गई। तभी एक डकैत ने गार्ड को गन प्वाइंट पर ले लिया और उसकी बंदूक छीन ली। इसके बाद सभी डकैतों ने पिस्टल निकालकर करीब 30 कर्मचारियों और दो दर्जन ग्राहकों को डराते हुए गहने और नकदी सौंपने को कहा।

हालांकि, इसी बीच एक कर्मचारी ने साहस दिखाते हुए शोरूम का अलार्म बजा दिया। अलार्म की आवाज सुनते ही डकैत घबरा गए और गार्ड की बंदूक लेकर प्रथम तल्ले से नीचे भाग निकले। नीचे पहले से खड़ी तीन अपाची बाइक पर सवार होकर सातों डकैत फरार हो गए। भागने के दौरान उन्होंने गार्ड की बंदूक नीचे फेंक दी।

सूचना मिलते ही सिटी डीएसपी आलोक रंजन सहित पुलिस के वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और डकैतों की पहचान के लिए विशेष टीम गठित की गई है।

सिटी डीएसपी आलोक रंजन ने बताया कि डकैत पुलिस की वर्दी में सुरक्षा जांच का बहाना बनाकर शोरूम में घुसे थे। अलार्म बजने के कारण बड़ी वारदात टल गई। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments