बेंगलुरु : बेंगलुरु में गैस रिसाव से भड़की आग में बिहार के 5 युवक झुलस गए। सभी एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करते थे। और एक कमरे में सो रहे थे। सुबह उठते ही जैसे ही चाय बनाने के लिए गैस जलाई वैसे ही आग भड़क गई। बताया जा रहा है कि गैस लीक के कारण घटना घटी।
छपरा जिले के मांझी थाना क्षेत्र के गुर्दाहां खुर्द गांव के पांच युवक शुक्रवार की सुबह बेंगलुरु में गैस रिसाव से लगी आग में झुलस गए। हादसे में दो युवकों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य तीन का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही गुर्दाहां खुर्द गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजन बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए।
झुलसने वालों में भरदुल खान का पुत्र बिट्टू खान, खलील मियां का पुत्र अरबाज आलम, कन्हैया चौधरी का पुत्र अन्नू कुमार, महेश चौधरी का पुत्र रोहित कुमार तथा अरब गुलाम हुसैन का पुत्र मुजफ्फर आलम शामिल हैं। सभी की उम्र 20 से 30 वर्ष के बीच बताई जा रही है।मिली जानकारी के अनुसार सभी युवक बेंगलुरु में एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करते थे और एक ही कमरे में रह रहे थे।
गुरुवार की रात खाना खाने के बाद सभी सो गए थे। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे चाय बनाने के दौरान गैस ऑन करते ही आग भड़क उठी। आशंका जताई जा रही है कि रात में गैस लीक होकर कमरे में फैल गई थी। आसपास के लोगों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। गांव के लोगों ने बताया कि एक ठेकेदार के बुलावे पर पांचों युवक एक जनवरी को ही बेंगलुरु गए थे।

0 Comments