गोमो। 9 जनवरी 2026 को बैंक ऑफ इंडिया एवं पीएम श्री राजकीय +2 उच्च विद्यालय धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में विद्यालय के विद्यार्थियों के बीच निबंध प्रतियोगिता एवं राजभाषा संगोष्ठी (विषय – हिंदी और भारतीय संस्कृति)* का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए हिंदी भाषा और भारतीय संस्कृति से संबंधित अपने विचार प्रस्तुत किए। निबंध प्रतियोगिता के उपरांत राजभाषा संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
संगोष्ठी में विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश कुमार, हिंदी शिक्षिका आशा कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे। संगोष्ठी के दौरान प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने “हिंदी और भारतीय संस्कृति” विषय पर विस्तृत एवं प्रेरणादायी विचार रखते हुए विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के महत्व से अवगत कराया।
इस अवसर पर बैंक ऑफ इंडिया के राजभाषा अधिकारी सुब्रतो बनर्जी द्वारा विश्व हिंदी दिवस के महत्व तथा हिंदी के प्रचार-प्रसार पर प्रकाश डाला गया। साथ ही, आंचलिक कार्यालय से उपस्थित सामान्य परिचालन विभाग के मनोज कुमार ने भी विश्व हिंदी दिवस के संदर्भ में विद्यार्थियों को जागरूक किया और हिंदी के प्रयोग को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में निबंध प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार प्राप्त कर विद्यार्थियों के चेहरे पर हर्षोल्लास और आत्मविश्वास स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर हिंदी शिक्षिका श्रीमती आशा कुमारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। उन्होंने बैंक ऑफ इंडिया का विद्यालय में विश्व हिंदी दिवस एवं राजभाषा संबंधी कार्यक्रम आयोजित करने हेतु आभार व्यक्त किया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन द्वारा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग एवं सहभागिता का आश्वासन दिया गया।

0 Comments