आउटसोर्सिंग व निजीकरण के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान
कतरास न्यूज़:-खरखरी में मंगलवार को भाकपा माले बाघमारा प्रखंड कमिटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता गोपाल महतो ने की।बैठक में क्षेत्र में चल रही आउटसोर्सिंग परियोजनाओं व निजीकरण के खिलाफ आंदोलन तेज करने की रणनीति बनाई गई।बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय सदस्य शेख रहीम ने आरोप लगाया कि बीसीसीएल निजी कंपनियों व एमडीओ मोड के तहत खरखरी के हिलटॉप, मधुबन के इंदुकरी व महेशपुर क्षेत्र में आउटसोर्सिंग कंपनियों के माध्यम से रैयतों की जमीन जबरन लेने की साजिश कर रही है।उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के रोजगार, किसानों के उचित मुआवजे व रैयतों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।उन्होंने आरोप लगाया कि दबंगों व दलालों के सहारे ग्रामीणों की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।जिससे ग्रामीणों का अस्तित्व,देवस्थल,गोचर भूमि,श्मशान घाट,तालाब,सूर्या अखाड़ा व करमा अखाड़ा जैसे पारंपरिक स्थल प्रभावित हो रहे हैं।इस मुद्दे को विधानसभा में उठाने के लिए अरूप चटर्जी, मथुरा प्रसाद महतो व चंद्रदेव महतो ने भी पहल करने की बात कही है।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि रैयतों के अधिकारों की अनदेखी जारी रही तो व्यापक जन आंदोलन चलाया जाएगा।इस मौके पर देवाशीष चटर्जी,राजेश कुमार महतो,याकूब अंसारी, शेख अनवर,शेख सिद्दीकी,भीम रजक, मो ताजमूल आदि उपस्थित थे।

0 Comments