
तोपचांची थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंहदाहा ग्राम पंचायत के रविदास टोला में सोमवार सुबह करीब 9 बजे मुखिया पति हरिचरण दास और अशोक दास के परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई. दोनों पक्षों ने तलवार, लाठी और रॉड से एक-दूसरे पर हमला किया, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों में हरिचरण दास और अशोक दास के सिर फट गए हैं, जबकि उनके पुत्रों के गले और पेट में गहरे जख्म आए हैं. सभी घायलों को तोपचांची थाना पुलिस ने पहले समुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, साहू बहियार में प्राथमिक उपचार कराया और फिर बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच (शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल), धनबाद रेफर किया. घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, सिंहदाहा में लघु सिंचाई विभाग की निविदा के तहत संवेदक द्वारा श्मशान घाट जाने वाले रास्ते पर पीसीसी सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है. इस कार्य की देखरेख मुखिया पति हरिचरण दास कर रहे थे. अशोक कुमार दास के पुत्र द्वारा निर्माण में कथित अनियमितताओं का वीडियो बनाया जा रहा था. रविवार को कार्यस्थल पर दोनों पक्षों के बीच तू-तू मैं-मैं और धक्का-मुक्की हुई थी. यह विवाद बढ़ता गया और सोमवार को दोनों परिवार एक-दूसरे को देखते ही गली में भिड़ गए. घर के सामने गली में जमकर मारपीट हुई. जिसे मौका मिला, उसने तलवार-लाठी-रॉड से हमला बोल दिया. नतीजा यह हुआ कि दोनों पक्षों के लोग बुरी तरह घायल हो गए और खून बहने लगा. तोपचांची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है. फिलहाल दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है.
0 Comments