धनबाद : कोर्ट परिसर में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह तीसरी बार है जब अज्ञात व्यक्ति ने कोर्ट को निशाना बनाने की चेतावनी दी है। धमकी मिलते ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया और पूरे परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस के साथ कई थानों की टीम मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। डॉग स्क्वाड की टीम ने कोर्ट परिसर के हर कोने—कमरे, गलियारे और पार्किंग—की बारीकी से जांच की। घंटों चली तलाशी के बावजूद कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। मौके पर मौजूद सुमित कुमार ने बताया कि सुरक्षा मानकों के तहत पूरी जांच प्रक्रिया अपनाई गई है। फिलहाल यह एक “हॉक्स मेल” प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी भी खतरे को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा। पुलिस ने बताया कि धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल को लगाया गया है। जल्द ही आरोपी की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
0 Comments