-->

केंदुआडीह: गैस रिसाव और भू-धसान के खिलाफ संयुक्त मोर्चा का मशाल जुलूस, 23 अप्रैल को रणधीर वर्मा चौक पर महाधरना


केंदुआ (धनबाद): क्षेत्र में बढ़ते गैस रिसाव, भू-धसान और राष्ट्रीय राजमार्ग-32 (NH-32) की बदहाली को लेकर रविवार को संयुक्त मोर्चा के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। आंदोलनकारियों ने केंदुआडीह नंबर 5, नया धौड़ा, राजपूत बस्ती और केंदुआ पुल के अस्तित्व को बचाने के लिए विशाल मशाल जुलूस निकाला।

चंदन मेडिकल से करकेन्द तक गूंजे नारे

यह मशाल जुलूस केंदुआडीह नंबर 5 स्थित चंदन मेडिकल से शुरू होकर केंदुआ होते हुए करकेन्द तक गया। जुलूस में शामिल लोग बीसीसीएल (BCCL) और डीजीएमएस (DGMS) के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रबंधन की लापरवाही के कारण आज पूरा क्षेत्र आग और धसान की जद में है।

23 अप्रैल को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन

मौके पर मंटू महतो ने कहा कि बीसीसीएल और डीजीएमएस की गलत नीतियों के कारण कोयलांचल की यह दुर्दशा हुई है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 23 अप्रैल 2026 को निरसा विधायक कॉमरेड अरूप चटर्जी के नेतृत्व में धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर विशाल धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान खदानों की आग बुझाने और NH-32 की मरम्मत कर उसे जल्द चालू करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी।

प्रबंधन पर बरसे नेता: 'जरेडा' को बताया पूरी तरह फेल

आंदोलनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि डीजीएमएस सुरक्षित तरीके से कोयला निकालती और बीसीसीएल खदानों में बालू-पानी की समुचित भराई करती, तो आज जमीन फटने और गैस निकलने जैसी नौबत नहीं आती। उन्होंने जरेडा (JRDA) के एक्शन प्लान को पूरी तरह विफल बताया और कहा कि अगर बेलगड़िया योजना सफल होती, तो लोग वहां जाने को तैयार होते। नेताओं ने मांग की कि प्रभावित लोगों को उनके वर्तमान स्थान के पास ही सुरक्षित जगह पर बसाया जाए।

ये रहे मौजूद

जुलूस में मुख्य रूप से मानस चटर्जी, जीतू पासवान, भगवान दास शर्मा, नरेश पासवान, गणेश दास, राहुल गुप्ता, रविंदर गुप्ता, रंजीत मद्धेशिया (केंदुआ चैंबर ऑफ कॉमर्स), सदानंद बॉस, दीनानाथ सिंह, भोला सिंह, रविंदर श्रीवास्तव, पंकज यादव, ममता देवी, के.बी. सिंह, दिनेश धारी सहित सैकड़ों स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।

Post a Comment

0 Comments